मंदिर की मूर्ति तोड़ने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, बालक भी अभिरक्षा में

रायगढ़। वार्ड क्रमांक 34 सराईभद्दर, जूटमिल स्थित धार्मिक मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की शिकायत पर जूटमिल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को सराईभद्दर के रहवासियों ने मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की लिखित शिकायत जूटमिल थाने में दी थी। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 734/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 3(5) में मामला दर्ज किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान राहुल चौहान (21), पिता लक्ष्मी चौहान, निवासी सराईभद्दर जूटमिल को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। दोनों को नियमानुसार सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं, फरार आरोपी लक्ष्मी चौहान की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
