रायगढ़ जैसी अग्रसेन जयंती पूरे हिंदुस्तान में नहीं होती: अनूप बंसल

रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 के 14 दिवसीय आयोजन के सफल समापन के बाद आयोजन समिति के संयोजक अनूप बंसल ने अग्र समाज, मातृशक्ति, युवाओं, बच्चों, समिति के सदस्यों, सहयोगियों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की अग्रसेन जयंती ने उन्हें जीवन का एक अनमोल अनुभव दिया है। चौदह दिनों तक पूरा अग्र समाज एक परिवार की तरह जुड़ा रहा। उनके अनुसार, रायगढ़ जैसी अग्रसेन जयंती पूरे हिंदुस्तान में कहीं नहीं होती।
अनूप बंसल ने बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से रायगढ़ की अग्रसेन जयंती से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी भूमिका खिलाड़ी और प्रतियोगी के रूप में रही थी। इस वर्ष संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें आयोजन को करीब से समझने और समाज के लोगों के साथ इसे अनुभव करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की अग्रसेन जयंती केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, समर्पण, संस्कार और आपसी प्रेम का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि 14 दिनों तक चले महोत्सव में सुबह से देर रात तक प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों में समाज के हर आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया। 70 से अधिक प्रतियोगिताओं में अग्रबंधुओं की भागीदारी और प्रत्येक कार्यक्रम में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। शोभायात्रा में उमड़ी भीड़, मातृशक्ति की भागीदारी और युवाओं के उत्साह को उन्होंने अपनी स्मृतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
अनूप बंसल ने आयोजन समिति की टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य ने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाई। उनके मुताबिक, साथियों को सौंपे गए कार्यों के लिए बार-बार याद दिलाने की जरूरत नहीं पड़ी। सभी ने जिम्मेदारी को अपना दायित्व समझकर पूरा किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन का 14 दिनों तक बिना किसी विवाद के संपन्न होना समाज की एकजुटता, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और सभी सहयोगियों के समर्पण का प्रमाण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जयंती की सफलता किसी एक व्यक्ति या समिति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे अग्र समाज की सामूहिक उपलब्धि है। उन्होंने अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, बच्चों, आयोजन समिति के सदस्यों, प्रायोजकों, सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों और रायगढ़ के नागरिकों का आभार जताया।
अनूप बंसल ने कहा कि संयोजक के रूप में उन्हें जिम्मेदारी जरूर मिली, लेकिन आयोजन की असली ताकत समाज के लोगों का विश्वास, सहयोग और प्रेम रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज की एकता और आपसी विश्वास आगे भी कायम रहेगा तथा महाराजा श्री अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज और रायगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के प्रयास जारी रहेंगे।
