Raigarh News

महलोई में ग्रामीण पर हत्या की नीयत से टंगिया से वार, आरोपी को तमनार पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार

रायगढ़। तमनार पुलिस ने बुजुर्ग पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी को भगाने की शंका में 60 वर्षीय ग्रामीण पर टंगिया (लोहे की कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
31 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार से थाना तमनार को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान (60 वर्ष) सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार हेतु भर्ती हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के निर्देशन में तमनार पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल भागीरथी के पुत्र विनोद किशान से पूछताछ में उसने बताया कि गांव के दूजराम चौहान को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भागीरथी से गाली-गलौज और विवाद कर रहा था।
प्रार्थी के अनुसार 31 जुलाई की शाम करीब 5ः30 बजे भागीरथी किशान अपने घर के सामने गली में खड़े थे, तभी आरोपी दूजराम चौहान हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देने लगा। इसके बाद उसने ष्जान से मार दूंगाष् कहते हुए जानलेवा नीयत से भागीरथी किशान के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भागीरथी किशान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दूजराम चौहान (64 वर्ष), निवासी महलोई को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को आज 01 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घायल भागीरथी किशान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button