एनटीपीसी लारा में राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम चयनित

रायगढ़। एनटीपीसी लारा में आयोजित योनेक्स-सनराइज 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का 4 नवंबर को समापन हुआ। रायगढ़ जिला बैडमिंटन संघ द्वारा एनटीपीसी लारा के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 300 खिलाड़ियों और 34 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के आधार पर अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों के लिए चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर, रायपुर और धमतरी सहित प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर और प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष रेखा ठाकुर उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अंडर-15 एवं अंडर-17 वर्गों के लिए चयनित खिलाड़ियों की घोषणा प्रतियोगिता के मुख्य रेफरी ने समापन समारोह के दौरान की।
कार्यक्रम में प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले तकनीकी अधिकारियों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया।
एनटीपीसी लारा की ओर से बताया गया कि संस्थान कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
