Raigarh News

स्वर्णिम निशाने के साथ लौटा रायगढ़ का लाल,लेकिन प्रशासन की नजर अब भी चूकी!

रायगढ़। देश-दुनिया में निशानेबाजी के खेल में अपने हुनर का लोहा मनवाकर स्वर्ण पदक लेकर लौटे रायगढ के लाल दिव्यांशु देवांगन ने बीते रविवार अपने परिवार के साथ प्रेस वार्ता में दिव्यांशु ने बेहद सहज और आत्मविश्वासपूर्ण अंदाज अपने संघर्ष,तैयारी और आगामी लक्ष्यों को साझा किया। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल करने के लिए केवल तकनीक नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत होती है। जीत के बाद सबसे पहले किसका फोन आया,इस सवाल पर उन्होंने बताया कि सबसे पहले उनके कोच से बात हुई,फिर पिताजी, मित्रों और करीबियों से शुभकामनाएं मिलीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को देते हुए कहा कि परिवार का पूरा समर्थन उन्हें हमेशा मिला और संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनी।
रायगढ़ लौटने पर मिले भव्य स्वागत से भावुक नजर आए दिव्यांशु ने कहा कि शहरवासियों का प्यार और सम्मान उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। विश्व रिकॉर्ड वाली परफॉर्मेंस को लेकर उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखना सबसे अहम होता है।बड़े शहरों और स्थापित खिलाडिय़ों के बीच मुकाबला चुनौतीपूर्ण जरूर था,लेकिन अब भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और भारत निशानेबाजी में बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।अपने आगामी लक्ष्यों पर बात करते हुए दिव्यांशु ने बताया कि उनका अगला मुकाबला जर्मनी में है और उनका सपना ओलंपिक तक पहुंचना है। रायगढ़ में शूटिंग अकादमी खोलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है,क्योंकि शहर में पहले से कुछ संस्थान इस दिशा में काम कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में उनके पिता शैलेन्द्र देवांगन,माता यामिनी देवांगन,नानी श्रीमती चंद्रा,नाना देवलाल तथा बड़े नाना जगदीश मेहर और दिव्यांशु की दादी भी उपस्थित रहे। कला और सांस्कृतिक परिवेश से जुड़े इस परिवार ने दिव्यांशु की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दिव्यांशु की सफलता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा महानगरों की मोहताज नहीं होती। रायगढ़ जैसे शहर से निकलकर विश्व मंच पर स्वर्णिम इतिहास रचने वाला यह युवा आज हजारों लाखों युवाओं की प्रेरणा बन चुका है।यद्यपि दिव्यांशु देवांगन के परीवारजनों नें उनकी उपलब्धि पर जिला प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर निराशा जाहिर की और इसे उभरती खेल प्रतिभा की उपेक्षा बताया।
प्रशासनिक उपेक्षा ने किया आहत
रायगढ़ की धरती बीते 9 मई को उस वक्त गर्व से भर उठी जब अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर देश का मान बढ़ाने वाले युवा शूटर दिव्यांशु देवांगन अपने शहर लौटे।शहरवासियों ने बाइक रैली, फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।हर चेहरे पर गर्व था, हर जुबान पर दिव्यांशु की उपलब्धि की चर्चा थी। लेकिन इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बीच एक सवाल भी लगातार गूंजता रहा, क्या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी की उपलब्धि जिला प्रशासन की नजरों में इतनी छोटी थी कि उसकी सुध तक लेना जरूरी नहीं समझा गया?जहां आम जनता,सामाजिक संगठन और खेल प्रेमी दिव्यांशु के स्वागत में उमड़े,वहीं जिला प्रशासन की ओर से किसी विशेष सम्मान, औपचारिक अभिनंदन या प्रोत्साहन की अनुपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
प्रेस वार्ता में मौजूद परिजनों ने भी इस उपेक्षा पर अप्रत्यक्ष नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि जब कोई खिलाड़ी विश्व मंच पर तिरंगा बुलंद करता है तो उसका सम्मान केवल परिवार या समाज नहीं,बल्कि शासन-प्रशासन की भी जिम्मेदारी होती है।अब देखने वाली बात यह होगी कि विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले इस खिलाड़ी की उपलब्धि पर जिला प्रशासन की “नींद” कब खुलती है या फिर सम्मान की औपचारिकताएं भी केवल फाइलों और भाषणों तक ही सीमित रहेंगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button