Raigarh News

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के तीन अलग-अलग ठिकानों पर रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, 5 सट्टा खाईवाल गिरफ्तार

आरोपियों से 2 लाख 70 हजार नकदी, 6 मोबाइल,1 नोट गिनने की मशीन और डिजिटल साक्ष्य जप्त
आरोपियों पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

रायगढ़ । रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना साइबर और कोतवाली पुलिस ने सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ एक और बड़ी समन्वित कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ रेड कर पांच सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोतरारोड़ बायपास पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, साकेत सिंघानिया गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां साकेत सिंघानिया को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच में उसके मोबाइल फोन में ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चौट, यूपीआई बारकोड और रकम के लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पंजाब नेशनल बैंक के पास सट्टा नेटवर्क का खुलासा, महिला सहित तीन आरोपी पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रितेश डालमिया को मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ नेटवर्क संचालित करना बताया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर पिंटु हलवाई के भतीजे रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से आईफोन, विवो मोबाइल, सैमसंग मोबाइल, 2 लाख 69 हजार रुपये नकद तथा नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई। यह कार्रवाई पूरे सट्टा नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों को उजागर करने वाली साबित हुई।
कार्मेल स्कूल के पास किराए के मकान से संचालित हो रहा था ऑनलाइन सट्टा, प्रदीप पाण्डेय गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में एक किराए के मकान के दूसरे तल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर प्रदीप कुमार पाण्डेय को पकड़ा। जांच में उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड तथा सट्टे की रकम के डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। पूछताछ में आरोपी ने पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से विवो मोबाइल जब्त किया गया जिसमें लगभग 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य मिले। आरोपी पिंटू हलवाई फरार है जिसे तीनों मामले में आरोपी बनाया गया है ।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button