Raigarh News

ट्रांसपोर्ट के काम में नुकसान हुआ तो बन गया चोर

गैस कटर से एटीएम में चोरी का प्रयास नाकाम
पूंजीपथरा पुलिस की मुस्तैदी से रंगे हाथ पकड़ाया आरोपी

रायगढ़। थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से देर रात एटीएम से बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही विफल कर दी गई। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया है, सूचना पर तत्काल पूंजीपथरा की गस्त पार्टी पहुंची पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को गैस कटर से मशीन तोडक़र रुपए चोरी का प्रयास करते रंगे हाथ दबोच लिया। त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आर्थिक अपराध की घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक घटना बीते रात 03 बजे के आसपास की है। पुलिस को गेरवानी स्थित एटीएम पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली जिस पर तत्काल एक्शन लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन पर गश्त टीम के आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान को काबू किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी पंकज पासवान ने बताया कि वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान और कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम से चोरी की योजना बनाई थी, लेकिन पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता से उसका मंसूबा नाकाम हो गया। इस घटना से एटीएम मशीन को 3,50,000 रूपये का नुकसान है । घटना के संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत उम्र 35 वर्ष की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 305, 316,331(4),62 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी पंकज कुमार पासवान पिता योगेन्द्र पासवान 29 साल निवासी ग्राम डूबरीडीह थाना हरिहरगंज जिला पलामू झारखंड हाल मुकाम छटघाट नीचे पारा गेरवानी थाना पूंजीपथरा रायगढ़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button