Raigarh News

रायगढ़ यातायात पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा सडक़ सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, चौक-चौराहों, ग्राम चौपालों, पेट्रोल पंपों तथा विभिन्न प्रकार के वाहनों के साथ-साथ सवारी वाहनों पर भी पुलिस मुख्यालय की अंतर-विभागीय लीड एजेंसी द्वारा प्रदाय जागरूकता संबंधी बैनर, पोस्टर एवं स्टीकर चस्पा कर लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं चौक-चौराहों पर उपस्थित रहकर ग्रामीणजनों एवं आम राहगीरों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दे रहे हैं, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके साथ ही रायगढ़ पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से भी सडक़ सुरक्षा से संबंधित जागरूकता सामग्री साझा कर अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को केवल कानून के रूप में नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी के रूप में अपनाए, ताकि सुरक्षित, अनुशासित और दुर्घटना-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button