Raigarh News

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार, तमनार पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़। तमनार पुलिस ने युवती की दुष्कर्म शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन कुमार पटनायक (37 वर्ष) निवासी भिलाईनगर जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना तमनार में दर्ज प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
बीते 23 अप्रैल को 33 वर्षीय युवती ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी लखन कुमार पटनायक से हुई थी, जिसने स्वयं को रेलवे में जे.ई. बताकर शादी का भरोसा दिलाया। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा। पीडि़ता के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा, जहां परिजनों के बाहर होने का फायदा उठाकर शादी करने का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी विवाह का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
जब परिजनों ने सगाई और विवाह की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह से इंकार करते हुए कोर्ट मैरिज की बात कही। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी दिया गया, लेकिन इसके बाद आरोपी ने संपर्क खत्म कर दिया और बाद में साफ तौर पर शादी से इंकार कर दिया। शिकायत पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिये रायपुर रवाना हुई और आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button