Raigarh News

युवती आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा, मंगेतर की प्रताडऩा से परेशान होकर युवती ने उठाया था खौफनाक कदम

रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने के संवेदनशील मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी केशव पटेल (28 वर्ष) निवासी ग्राम चुहकीमाल, थाना छाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना चक्रधरनगर में धारा 194 बीएनएसएस के तहत की गई जांच में मृतिका (29 वर्ष) के परिजनों एवं पंचों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि युवती का विवाह मई 2025 में आरोपी केशव पटेल से तय हुआ था और दिसंबर में विवाह होना प्रस्तावित था। शादी से ठीक एक सप्ताह पहले युवती ने अपने परिजनों को बताया था कि आरोपी उसे धोखा दे रहा है तथा उसका किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध है, जिससे वह विवाह करना चाहता है। आरोपी द्वारा लगातार फोन कर युवती को मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था, जिससे वह अत्यधिक तनाव में थी।
इसी प्रताडऩा से परेशान होकर युवती ने 09 सितंबर 2025 को अपने निवास में जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने उसी युवती से विवाह कर लिया, जिसके साथ उसके संबंध होने की जानकारी सामने आई थी। जांच में आरोपी द्वारा युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने एवं प्रताडि़त करने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 17 अपै्रल को थाना चक्रधरनगर में धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को उसके घर से पकडक़र पूछताछ की, जिसमें उसने युवती से विवाह तय होना और बातचीत की पुष्टि की, साथ ही यह भी स्वीकार किया कि उसकी पूर्व प्रेमिका से लगातार संपर्क बना हुआ था। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के दिन युवती ने उसे फोन कर जहर सेवन करने की जानकारी दी थी। पुलिस ने आरोपी से विवाह कार्ड जब्त कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू एवं थाना स्टाफ द्वारा की गई।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button