CG NewsRaigarh News

आयुक्त सुनील जैन का  घरघोड़ा आगमन, खेल से लेकर आस्था और विकास तक दिया मजबूत संदेश

घरघोड़ा। आज घरघोड़ा नगर को उस वक्त विशेष गौरव की अनुभूति हुई जब बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील जैन का आगमन हुआ। उनके आगमन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयुक्त श्री जैन ओपी जिंदल क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहाँ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

समारोह के उपरांत छ. ग.श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 2 के पार्षद श्याम भोजवानी के अनुरोध को सहर्ष स्वीकार करते हुए आयुक्त श्री जैन ने वार्ड नंबर 2 स्थित माँ बैगिन डोकरी मंदिर में दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने नगरवासियों के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की। आयुक्त का यह आस्था से जुड़ा कदम नगरवासियों के लिए विशेष महत्व का रहा।

इसी अवसर पर पार्षद श्याम भोजवानी ने आयुक्त महोदय के समक्ष माँ बैगिन डोकरी मंदिर प्रांगण में स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण का विशेष आग्रह रखा। इस पर आयुक्त सुनील जैन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए सीएसआर मद से कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उनके इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई और विकास को लेकर नई उम्मीद जगी।

इस गरिमामय अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, एसडीएम धरमजयगढ़ प्रवीण भगत, तहसीलदार मनोज गुप्ता, मनोज विश्वाल सहित नगर के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने आयुक्त महोदय का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कुल मिलाकर आयुक्त सुनील जैन का यह दौरा खेल, आस्था और विकास—तीनों को एक सूत्र में पिरोता हुआ नजर आया। उनके आगमन से न केवल घरघोड़ा को प्रशासनिक संबल मिला, बल्कि नगर के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत संदेश भी गया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button