Raigarh News

वित्तीय साक्षरता व फाइनेंशियल लैब निर्माण पर कार्यशाला आयोजित

रायगढ़। कलेक्टर के निर्देश एवं डीईओ के. व्ही.राव के मार्गदर्शन में जिले की शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी शालाओं में विद्यार्थियों को व्यवहारिक एवं जीवनोपयोगी शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता एवं फाइनेंशियल लैब निर्माण विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन स्थानीय नटवर अंग्रेजी माध्यम स्कूल में किया गया। कार्यशाला में जिले की चयनित चार शालाओं में पदस्थ व्याख्याताओं ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय विषयों की व्यवहारिक समझ प्रदान करना, उन्हें आधुनिक आर्थिक गतिविधियों से जोडऩा तथा विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता विकसित करने हेतु सक्षम बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान चेन्नई से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा अत्यंत रोचक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें प्रमुख रूप से साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा, बैंकिंग प्रणाली, बचत एवं निवेश के सिद्धांत, स्टॉक मार्केट की मूलभूत जानकारी, बीमा, बजट निर्माण, तथा दैनिक जीवन में वित्तीय निर्णय लेने की समझ शामिल रही। प्रशिक्षकों ने उदाहरणों, खेलों, समूह चर्चा, भूमिका निर्वहन तथा प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से विषय को सरल एवं प्रभावी बनाया, जिससे प्रतिभागियों में विषय के प्रति गहरी रुचि विकसित हुई। कार्यशाला में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महापल्ली, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोतरा, पीएमसी नटवर स्कूल तथा पुसौर विकासखंड की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला औरदा के व्याख्याताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उपस्थित सभी प्रतिभागी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा इसे अपने शैक्षणिक कार्य में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। कार्यशाला के संचालन में समग्र शिक्षा जिला कार्यालय से प्रभारी जिला मिशन समन्वयक भूपेन्द्र पटेल एवं बीआरसी रायगढ़ मनोज अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button