बिलाईगढ़ में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की हुई शुरुआत
*सारंगढ़ जिले के विकास खण्ड बिलाईगढ़ में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का हुआ शुरुआत
, अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिल रही सुविधा*
————————————————————————–
सारंगढ़ कलेक्टर डॉ.संजय कन्नौजे के निर्देशन एवं जिला के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एफ आर निराला के मार्गदर्शन में अब जिले में बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य और उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी टीकाकरण का विस्तार किया गया है, जिससे अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की बालिकाओं को उनके घर के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही सुरक्षा कवच उपलब्ध हो पा रहा है। इसी कड़ी में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत की गई, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 14 वर्ष के बालिकाओं को यह टीकाकरण लगवाया जा सकता है वहीं विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.शशि जायसवाल ने इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए अपील किया।
अभियान के तहत अब विकास खण्ड बिलाईगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण अंचलों और शहरी क्षेत्रों के बालिकाओं के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण का समय प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक तय किया गया है, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही अपनी सुविधानुसार पहुँच सकें।
विकास खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.शशि जायसवाल ने बताया कि अभियान के तहत मुख्य रूप से 14 वर्ष से ऊपर एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव के लिए निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से विकास खण्ड के शासकीय स्कूलों, आश्रमों, छात्रावासों एवं दूरस्थ अंचलों में निवासरत बालिकाओं को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा। एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।और कम उम्र में यह टीकाकरण इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित कल के लिए उनका आधार कार्ड लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचें और समय पर टीकाकरण अवश्य कराए।
