टैक्टर से गिरकर नाबालिग की अकाल मौत, भगवानपुर क्षेत्र में हुआ हादसा

रायगढ़। मंगलवार तडक़े ब्रेकर में ट्रैक्टर उछलने से चालक के साथ बैठा नाबालिग युवक ऐसे गिरा कि असमय उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों को चालक ने सच्चाई छिपाते हुए यह कहा कि किशोर को कार कुचलते हुए भाग निकली। वही, सीसीटीवी फुटेज में घटना की असलियत सामने आने के बाद आरोपी चालक रफू चक्कर हो गया। यह मामला शहर के कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिंदल स्टील एंड पावर में दिशा कंस्ट्रक्शन फर्म चलाने वाले ठेकेदार डोरीलाल के मातहत फेब्रिकेशन का काम करने वाले सुंदर लाल उरांव के 15 वर्षीय बेटे साहिल की आज सुबह लगभग 6 बजे एक सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सुंदर की माने तो आज तडक़े करीब 4 बजे साहिल घर से निकला और 2 घंटे में रोड एक्सीडेंट में उसकी बलि चढ़ गई।
वहीं, ट्रैक्टर (क्रमांक सीजी 13 एलए 1533) के चालक राजा निषाद ने आज सुबह सुंदर को फोनकर कहा कि जिंदल रोड में भगवानपुर मंदिर के पास एक कार साहिल को कुचलते हुए भाग निकली है। फिर क्या, सुंदर जब मंदिर के पास पहुंचा तो ट्रैक्टर की ट्रॉली में साहिल को बुरी तरह जख्मी हालत में देख बदहवास पिता अपने बेटे को नजदीकी जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल लेकर गया तो डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। तदुपरांत, किशोर के शव को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय लाकर मर्च्यूरी रूम में रखवाया गया है।
चूंकि, दुर्घटना के बाद से कलमीडिपा निवासी राजा निषाद अपना मोबाइल फोन का स्विच ऑफ कर गायब है। ऐसे में पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला तो खुलासा हुआ कि सुबह 6 बजकर 1 मिनट पर ब्रेकर में ट्रैक्टर उछलने से चालक राजा के बगल में बैठा साहिल सडक़ पर गिरते ही बेसुध हो गया। ट्रैक्टर रोककर चालक राजा फिर साहिल को उठाकर ट्रॉली में डालकर आगे निकलते सीसीटीवी फुटेज में कैद है। यही वजह है कि पुलिस अब पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाते हुए फरार ट्रैक्टर चालक राजा निषाद की सरगर्मी से खोजबीन कर रही है।
