Raigarh News

39 वर्ष की सेवा उपरांत एएसआई जयराम सिदार सेवानिवृत्त, पुलिस कार्यालय में ससम्मान विदाई

रायगढ़। पुलिस विभाग में 39 वर्षों की लंबी सेवा पूर्ण कर सहायक उप निरीक्षक जयराम सिदार आज 31 मार्च को अपनी अधिवर्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में विभागीय परंपरा के अनुसार सेवा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने उनके सेवाकाल की जानकारी देते हुए बताया कि जयराम सिदार वर्ष 1987 में जिला पुलिस बल रायगढ़ में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। उन्होंने सिटी कोतवाली, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार तथा अविभाजित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के थाना सारंगढ़ में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2012 में प्रधान आरक्षक और वर्ष 2021 में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण जिला जांजगीर-चांपा हुआ, जहां कुछ समय सेवा देने के पश्चात वे पुन: रायगढ़ लौटे और हाल ही में रक्षित केंद्र में पदस्थ थे।
मूलत: धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम नवागांव निवासी श्री सिदार वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्रधरनगर क्षेत्र में निवासरत हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र, दो पुत्रियां एवं बहु शामिल हैं। उनका एक पुत्र शिक्षक है, दोनों पुत्रियां मेडिकल (डठठै) की पढ़ाई कर चुकी हैं तथा छोटा पुत्र अध्ययनरत है।
कार्यक्रम में डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, मुख्य लिपिक निरीक्षक (अ) त्रिलोचन मालाकार, निरीक्षक (अ) जमुना प्रसाद चेलकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी जयराम सिदार को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान जयराम सिदार के परिवारजन भी उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button