Raigarh News

रेप पीडि़ता को केस वापस लेने व जान से मारने की धमकी

रायगढ़। स्थानीय युवती द्वारा महिला थाना में आवेदन देकर दुष्कर्म के आरोपी बादल सिंह राजपूत और उसके साथी अनमोल अग्रवाल पर केस वापस लेने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर महिला थाना में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 351(3), 232(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पीडि़ता ने बताया कि उसने पूर्व में 03 फरवरी को महिला थाना में आरोपी बादल सिंह राजपूत के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक बादल सिंह राजपूत ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया तथा उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध धारा 69, 115(3), 351(2) एवं 308(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वर्तमान में आरोपी जमानत पर बाहर है।
पीडि़ता के अनुसार 18 मार्च को उसे यह कहकर बुलाया गया कि कोर्ट में उसका बयान होना है। जब वह कोर्ट पहुंची, तब कोर्ट परिसर के बाहर अनमोल अग्रवाल, बादल के पिता और कुछ अन्य लोग मौजूद थे। वहां अनमोल अग्रवाल ने उससे कहा कि बादल की जमानत हो गई है, इसलिए केस वापस ले लो और पैसे ले लो, नहीं तो तुम केस हार जाओगी। पीडि़ता का आरोप है कि उसी दौरान अनमोल अग्रवाल ने उसे धमकी दी कि यदि उसने केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा।
पीडि़ता ने आगे बताया कि 19 मार्च को दोपहर में वह घर के पास मंदिर दर्शन करने गई थी। वहां मंदिर परिसर में बादल सिंह राजपूत और उसके 2-3 परिचित लोग मौजूद थे। उसे देखते ही बादल सिंह राजपूत ने कथित रूप से कहा कि वह जमानत पर बाहर आ चुका है, वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और यदि उसने केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मरवा देगा। पीडि़ता ने यह भी बताया कि उसी शाम आरोपी ने मोबाइल पर कॉल भी किया, लेकिन डर की वजह से उसने फोन नहीं उठाया।
पीडि़ता ने अपने आवेदन में बताया है कि बादल सिंह राजपूत और अनमोल अग्रवाल लगातार उसे डरा-धमकाकर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस रिकार्ड अनुसार आरोपी बादल सिंह राजपूत थाना कोतवाली की गुंडा-बदमाश सूची में शामिल है।
महिला थाना पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। साथ ही आरोपी बादल सिंह राजपूत की जमानत निरस्त कराने के लिए माननीय न्यायालय को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगाकर लगातार दबिश दी जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button