सरिया-चंद्रपुर मार्ग मे खनन माफियाओं का वर्चस्व, सिस्टम की मेहरबानी’-राहगीरों पर जानलेवा खतरा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। अगर आप चंद्रपुर-सरिया या नौघटा मार्ग पर सफर कर रहे हैं, तो अपनी सुरक्षा का जिम्मा ‘ऊपर वाले’ पर छोड़ दीजिए। क्योंकि यहाँ की सडक़ों पर बिछे नुकीले पत्थर चीख-चीख कर बता रहे हैं कि नियम और जमीन की हकीकत के बीच का फासला कितना गहरा है।
क्षेत्र की सडक़ों पर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के दौड़ते ट्रैक्टर-ट्रॉली किसी ‘अदृश्य शक्ति’ के संरक्षण का अहसास कराते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत वाहन जब खनिज संपदा ढोते हुए सडक़ों पर पत्थर बिखेरते हैं, तब संबंधित विभागों की ‘चुप्पी’ शोध का विषय बन जाती है। क्या यह चुप्पी किसी ‘मजबूरी’ का परिणाम है या फिर ‘नजरअंदाज’ करने की कला का उत्कृष्ट उदाहरण? कटंगपाली और बरमकेला क्षेत्र में डोलोमाइट परिवहन की जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वे किसी ‘जंगलराज’ से कम नहीं लगतीं। बिना तिरपाल के ओवरलोड दौड़ते इन वाहनों से गिरते पत्थर राहगीरों के लिए ‘जानलेवा सरप्राइज’ साबित हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश अब उस सीमा पर है जहाँ उन्हें प्रशासन की ‘कुंभकर्णी कार्यशैली’ पर संदेह होने लगा है।
