Raigarh News

अब मटन मार्केट को भी हटाने की उठी मांग, दुर्गंध और गंदगी से जूझ रहे स्कूली छात्र

रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई रायगढ़ ने शहर के शैक्षणिक वातावरण को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने की मांग को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरस्वती शिशु मंदिर, लक्ष्मीपुर के पास संचालित मटन मार्केट को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि स्कूल के समीप मटन मार्केट संचालित होने से परिसर में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। आरोप है कि मटन के अवशेष स्कूल परिसर तक पहुंच जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इस स्थिति से अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भी चिंता का माहौल है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस तरह के वातावरण में बच्चों के लिए अध्ययन करना कठिन हो रहा है, जो कि एक गंभीर विषय है। परिषद ने नगर निगम से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र समाधान करने की मांग की है। एबीव्हीपी ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मटन मार्केट को वहां से नहीं हटाया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस दौरान एबीव्हीपी के जिला संयोजक शिवम मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button