आमाघाट अफीम मामले में रायगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, फरार आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

इंटरस्टेट दबिश में एक आरोपी एमानुएल भेंगरा गिरफ्तार, दूसरे फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश जारी
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीमों ने झारखंड में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर आरोपी मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जाने का मिलने पर तत्काल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां एएनटीएफ टीम को खेत में कुल 60,326 अफीम के पौधे मिले, जिनका वजन 2877 किलोग्राम मिला। पूछताछ में मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के सहयोग से इस अवैध खेती को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर उसके ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम (कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये) भी बरामद की गई।
मामले में थाना तमनार में धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी मार्शल संगा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देशन में तमनार और साइबर थाना की संयुक्त टीमों को ओडिशा और झारखंड रवाना किया गया था। पुलिस टीम लगातार पीछा करते हुए आरोपियों के गृहग्राम तक पहुंची, जहां आरोपियों को पुलिस की भनक लग गई और वे पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए।
इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें काफी मशक्कत के बाद जंगल में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया गया। आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी के पास से उसका मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। वहीं उसका साथी सीप्रियन भेंगरा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
