Raigarh News

शराब बिक्री बंद करवाने ग्राम हिच्छा की महिलाओं ने खोला मोर्चा

शराब बिक्री बंद करवाने ग्राम हिच्छा की महिलाओं ने खोला मोर्चा
सारंगढ़ सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हिच्छा में शराब बिक्री को बंद कराने की मांग को लेकर गांव की सैकड़ों महिलाएं सिटी कोतवाली पहुंचीं। महिलाओं ने नशा मुक्ति अभियान के तहत गांव में शराबबंदी लागू कराने की मांग करते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव के माध्यमिक स्कूल हिच्छा में स्वीपर के पद पर पदस्थ व्यक्ति द्वारा गांव में अवैध रूप से शराब बनाई और बेची जा रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार उसे शराब बनाने और बेचने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।महिलाओं के अनुसार उसके खेत से शराब बनाने की सामग्री भी मिली है। इतना ही नहीं, महिलाओं के समझाने पर वह उन्हें गंदी-गंदी गालियां देता है और मारपीट की धमकी भी देता है। महिलाओं का आरोप है कि वह यह भी कहता है कि “थाने में चले जाओ, पुलिस भी मेरा कुछ नहीं कर सकती।”
गांव की महिलाओं ने यह भी बताया कि शराब पीने वाले लोग गांव के स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और छात्राओं पर भी गलत नजर रखते हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।महिलाओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button