CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : पुलिस कंट्रोल रूम में महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान, “हेलो सिस्टर” नाम से एक्सक्लूसिव महिला पुलिस टीम का गठन

डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी टीम का नेतृत्व, 24 घंटे सक्रिय रहेगा हेल्पलाइन नंबर 9479270533

महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर की खुशी जाहिर, विभाग के प्रति अपने दायित्व निभाने का लिया 

रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज पुलिस कंट्रोल रूम में जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष भर जिला पुलिस में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्दांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आर.आई. अमित सिंह द्वारा महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मी समाज में नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दे रही हैं। आज महिलाएं पुलिस, आर्मी सहित कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। देश की महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत हैं और नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल हैं। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से देश की सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया।

महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम “हेलो सिस्टर”

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस की ओर से महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम *हेलो सिस्टर”* के गठन की घोषणा की। इस एक्सक्लूसिव टीम का नेतृत्व डीएसपी *उन्नति ठाकुर* करेंगी। टीम के लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर *94792 70533* जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला पीड़ित इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। टीम का दायित्व होगा कि कॉल प्राप्त होने पर तत्काल पीड़ित महिला से संपर्क कर उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी एवं अन्य महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में जिन महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया उनमें निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार, श्यामा सिदार सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहीं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button