Raigarh News

रामकृष्ण विवेकानन्द मिशन में हुआ स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन

रायगढ़। रामकृष्ण विवेकानन्द मिशन का एकमात्र उद्देश्य जन सेवा और जनकल्याण है। स्वामी विवेकानन्द के जनसेवामूलक आदर्शों से प्रेरित होकर वर्ष 1976 में स्वामी नित्यानंद जी द्वारा रामकृष्ण विवेकानंद मिशन की स्थापना की गई थी। जनसेवा और जन कल्याण के प्रति यह एक समर्पित संस्था है। भारत की आर्थिक विपन्नता और दयनीय स्थिति को देखकर स्वामी विवेकानन्द ने आह्वान किया थाकृ “असहाय, दीन-दु:खी देशवासियों को अपने ही प्राणों का अंश मानकर उनकी सेवा करो।” इसी महान संदेश को जीवन का ध्येय बनाकर मिशन देशभर में सेवा और जनकल्याण के कार्य कर रहा है। मिशन अपनी लगभग 40 शाखाओं के माध्यम से देश भर में अनाथ, अपंग, वृद्ध और असहाय बालक-बालिकाओं , जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों की शिक्षा और स्वास्थ्य देखरेख के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाने का कार्य कर रहा है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु विभिन्न राज्यों में सेवा-प्रतिष्ठान स्थापित किए गए हैं।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्र रायगढ़ में भी एक सेवा केन्द्र स्थापित किया गया है। मिशन यहाँ सेवा कार्यों को व्यापक रूप देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गरीब एवं स्थानीय बालक-बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा हस्तकला-आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना इस केन्द्र का प्रमुख लक्ष्य है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु जनसामान्य के बच्चों के लिए एक सुव्यवस्थित पब्लिक स्कूल का संचालन किया जा रहा है । स्कूल में स्वामी विवेकानंद की शिक्षा चिंताओं के आधार पर शिक्षा की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के साथ उच्च कक्षाओं तक अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वनांचल एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान हेतु भविष्य में अनाथाश्रम तथा अन्य सेवा केन्द्रों की स्थापना कर इस संस्थान को और विस्तृत स्वरूप देने की परिकल्पना है।
मिशन की रायगढ़ शाखा की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी । आज रामकृष्ण विवेकानंद मिशन के स्वर्ण जयंती समारोह तथा रायगढ़ शाखा के 20 वर्ष पूरा होने के अवसर पर हम बताना चाहते हैं कि स्थानीय लोगों के लाभ के लिए हम यहां निशुल्क स्वास्थ्य जांच , चौरिटेबल डिस्पेंसरी , राहत कार्य और यूथ कैंप की सुविधा शुरू करेंगे । इसके साथ ही शारदा शिशु मंदिर का उन्नयन भी किया जाएगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button