तुरंगा में महामहिम राज्यपाल से मिलकर रतन शर्मा ने कैट की गतिबिधियों से कराया अवगत
*तुरंगा में महामहिम राज्यपाल से मिलकर रतन शर्मा ने कैट की गतिबिधियों से कराया अवगत*
*कलमी में भगवान शिव का लिया आशीर्वाद*
सारंगढ। गुरुकुल आश्रम तुरंगा में आज स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के पावन बलिदान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य महा महोत्सव एवं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के महामहिम राज्यपाल रमन डेका की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर हिन्दू हृदय सम्राट प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, पूज्य स्वामी धर्मानंद सरस्वती एवं श्रद्धेय माता माल्लिका चतुर्भुज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की पवित्र आहुति के साथ राष्ट्र की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और विश्व कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के जिलाध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध समाजसेवी रतन शर्मा ने भी आचार्य राकेश जी के आमंत्रण एवं पावन सानिध्य में आश्रम पहुंचकर महायज्ञ में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रतन शर्मा ने महामहिम राज्यपाल रमन डेका को सामाजिक कार्यों एवं कैट की गतिविधियों से संबंधित विस्तृत विवरण की एक फाइल भेंट की। उन्होंने संगठन द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे प्रयासों एवं समाजसेवा के विभिन्न आयामों की जानकारी दी।
आयोजन की सराहना करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान का शताब्दी वर्ष राष्ट्र चेतना को जागृत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम को अत्यंत सार्थक एवं सफल बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम उपरांत श्री शर्मा ने कलमी स्थित गुप्तेश्वर स्वयंभू शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
