जर्जर मुक्तिधाम के कायाकल्प के लिए आगे आईं विधायक उत्तरी जांगड़े

सारंगढ़। राजनीति जब जन-सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ती है, तो विकास की राह आसान हो जाती है। सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने इसी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नगर स्थित मुक्तिधाम की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए कमान संभाली है। विधायक ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर को पत्र लिखकर मुक्तिधाम के शीघ्र जीर्णोद्धार, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की पुरजोर मांग की है।
विधायक श्रीमती जांगड़े ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मुक्तिधाम वह स्थान है जहाँ इंसान अपनी अंतिम यात्रा पूर्ण करता है, लेकिन वर्तमान में सारंगढ़ का मुक्तिधाम स्वयं अत्यंत जर्जर और बदहाल अवस्था में है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण शोकाकुल परिजनों को अंतिम संस्कार जैसे कठिन समय में भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
“अंतिम संस्कार एक संवेदनशील और सार्वजनिक कार्य है। ऐसे स्थल पर अव्यवस्था होना दुर्भाग्यपूर्ण है। परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है।” कृ श्रीमती उत्तरी जांगड़े, विधायक।
