Raigarh News

ट्रक की ठोकर से बाईक सवार पिता-पुत्र की अकाल मौत

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा मार्ग पर तराईमाल स्थित बंजारी प्लांट के समीप सोमवार को एक हृदयविदारक सडक़ हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पूंजीपथरा क्षेत्र के महुआ चौक तुमीडीह निवासी मोहम्मद अशरफ कुरैशी अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर बाइक से लगभग 12 बजे के आसपास इलाज के लिए रायगढ़ निकले थे। परिवार का 8 वर्षीय बेटा बीमार था, जिसे दिखाने वे अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को बुरी तरह टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ने अचानक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि मोहम्मद अशरफ कुरैशी और उनके 8 वर्षीय पुत्र आफताब कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सडक़ पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रायगढ़- पूंजीपथरा मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रभावी नियंत्रण के उपाय नजर नहीं आ रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button