Raigarh News

मंगल कार्बन ब्लास्ट हादसे में अब तक 4 की मौत

रायगढ़। रायगढ़ जिले में मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण ब्लास्ट ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। 5 फरवरी को खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बानीपाथर स्थित प्लांट में हुए विस्फोट के बाद इलाज के दौरान मृतकों की संख्या बढक़र चार हो गई है। 9 माह की मासूम बच्ची की पहले मौत हुई, जबकि 11 फरवरी को पिता, दादा और एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
हादसे के बाद अस्पताल के वार्ड में उस मां की चीखें गूंजती रहीं, जिसने अपनी 9 माह की दूधमुंही बच्ची और पति को खो दिया। गंभीर रूप से झुलसे साहेब लाल खडिय़ा वेंटिलेटर पर थे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिवार पर एक साथ टूटे इस दुख ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।
इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल, फिर जिंदल अस्पताल और बाद में रायपुर स्थित कालड़ा बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में घायलों को भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की हालत लंबे समय तक नाजुक बनी रही।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 5 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे प्लांट के फर्नेस में पुराने टायर गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन का ढक्कन अचानक खुल गया। बताया जा रहा है कि ऑक्सीजन अंदर पहुंचते ही जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के साथ आग की तेज लपटें उठीं और गर्म पदार्थ वहां काम कर रहे श्रमिकों पर जा गिरा।
घटना में एक मासूम सहित सात श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सहकर्मियों ने तत्काल प्रबंधन को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
भूमि, शिव और साहेब लाल एक ही परिवार के सदस्य थे। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने गांव को शोक में डुबो दिया है। परिवार की महिला सदस्य उदासिनी खडिय़ा भी झुलसी हैं और उनका उपचार जारी है।
हादसे में कई अन्य श्रमिक भी झुलसे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुछ घायलों को 70 से 90 प्रतिशत तक जलन की चोटें आईं। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर रूप से झुलसे मरीजों की स्थिति में सुधार धीरे-धीरे होता है और निरंतर निगरानी की जरूरत रहती है।
परिजनों के मुताबिक परिवार के चार सदस्य एक साथ काम के दौरान हादसे की चपेट में आए। इस घटना ने श्रमिक सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उदासिनी खडिय़ा के भाई सूरज किसान ने आरोप लगाया कि प्लांट में काम के दौरान सुरक्षा गाइडलाइन का पर्याप्त पालन नहीं किया जाता था। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन होता, तो यह हादसा टल सकता था।
ग्रामीणों ने भी श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण, नियमित निरीक्षण और प्रशिक्षण की व्यवस्था की मांग उठाई है। उनका कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button