Raigarh News

औद्योगिक हादसे में 9 माह की मासूम के बाद पिता और युवक की भी मौत

रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में 05 फरवरी को हुई भीषण औद्योगिक दुर्घटना ने अब एक हृदयविदारक त्रासदी का रूप ले लिया है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 9 माह की मासूम बच्ची भूमि खडिय़ा की उपचार के दौरान पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। अब उसी परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब भूमि के पिता शिव खडिय़ा (27 वर्ष) और अन्य घायल इंदीवर (19 वर्ष) ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीनों का उपचार रायपुर स्थित कलदा बर्न प्लास्टिक सर्जरी सेंटर में चल रहा था। चिकित्सकों के अनुसार वे 70 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हुए थे और उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदगी छीन ली है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। मासूम बच्ची की मौत के बाद पिता की मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक एवं घायलों की स्थिति
मृतक:?? भूमि खडिय़ा (9 माह)
शिव खडिय़ा (27 वर्ष)
इंदीवर (19 वर्ष)
गंभीर घायल:??
साहेब लाल खडिय़ा (45 वर्ष) 80-90: झुलसे
उदाशिनी खडिय़ा (25 वर्ष) 30-40: झुलसी
कौशल (25 वर्ष) 70-80: झुलसे
प्रिया (32 वर्ष) 70-80: झुलसी
घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, गंभीर आरोप सामने आए हैं कि प्लांट प्रबंधन की ओर से पीडि़त परिवारों पर एफआईआर वापस लेने और बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा था। इस आरोप ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।
मृतकों के परिजनों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा और सरकारी सहायता दी जाए। सभी घायलों के समुचित इलाज का खर्च प्लांट प्रबंधन से वसूला जाए। एफआईआर वापस लेने और बयान बदलने के दबाव की न्यायिक या उच्चस्तरीय जांच हो। प्लांट प्रबंधन व जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर आपराधिक कार्रवाई की जाए। पीडि़त परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। यह मामला अब केवल एक औद्योगिक दुर्घटना नहीं रह गया है, बल्कि श्रमिक सुरक्षा, औद्योगिक जवाबदेही और मानव जीवन की अहमियत से जुड़ा गंभीर प्रश्न बन चुका है। क्षेत्रवासी और सामाजिक संगठन निष्पक्ष जांच एवं सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button