CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

Raigarh News : 602 किसानों से 3,254 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी : बघनपुर के दिनेश पटेल ने धान खरीदी व्यवस्था पर जताया संतोष, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति व्यक्त किया आभार

रायगढ़, 27 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य निरंतर जारी है। जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। अब तक जिले में 602 किसानों से कुल 3,254.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। उपार्जन केंद्रों में किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, छाया सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही धान की तौल के लिए बायोमेट्रिक इलेक्ट्रॉनिक तराजू का उपयोग किया जा रहा है, जिससे तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो रही है।

धनागर मंडी में धान विक्रय करने पहुंचे ग्राम बघनपुर के किसान दिनेश पटेल ने मंडी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया था। उनका 11 क्विंटल 7 किलोग्राम धान धनागर मंडी में तौल किया गया। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों के लिए छाया और पानी की अच्छी व्यवस्था है। बायोमेट्रिक इलेक्ट्रॉनिक तराजू से धान की तौल होने से किसानों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि मंडी में सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं और धान खरीदी की प्रक्रिया भी अच्छी तरह संचालित हो रही है। इसके लिए उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति किसान की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।

घर बैठे टोकन लेने की भी सुविधा

धान खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए आसान बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन और समिति स्तर पर टोकन प्राप्त करने के दोनों विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे अपने मोबाइल से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, ऐप के माध्यम से टोकन लेने में असुविधा होने पर संबंधित सहकारी समिति से भी टोकन प्राप्त करने की सुविधा है। इससे किसानों को अपनी सुविधानुसार धान विक्रय की तिथि निर्धारित करने में सहूलियत मिल रही है।

21 क्विंटल प्रति एकड़ की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं

कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान की पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं है। निर्धारित मात्रा से कम धान विक्रय करने वाले पात्र किसान भी योजना के प्रावधानों के अनुसार आदान सहायता के पात्र होंगे। इससे किसानों को खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलेगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button