जनदर्शन में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनदर्शन आयोजित किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं और आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम बाजीनपाली की सावित्री पटेल ने मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। ग्राम जोबी के जगदीश प्रसाद राठिया ने किसान पोर्टल पर कृषि रकबा और धान का रकबा शून्य प्रदर्शित होने की समस्या बताई। उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल में व्यक्तिगत जानकारी से जुड़ी त्रुटि के कारण धान पंजीयन में आ रही परेशानी का उल्लेख करते हुए सुधार की मांग की।
इसी तरह ग्राम दर्रीडीह के रतन कुमार गुप्ता ने धान खरीदी पोर्टल में खसरा नंबर और रकबा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज होने की शिकायत की। मधुबनपारा रायगढ़ के असगर खान ने असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत नामिनी की बैंक पासबुक में आईएफएससी कोड सुधारने का आवेदन दिया। वहीं, साल्हेपाली के टीकाराम पटेल ने ऋण पुस्तिका में नाम सुधारने की मांग रखी।
जनदर्शन में अन्य आवेदकों ने भी अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। एडीएम ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और आवेदकों को नियमानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
