CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

Raigarh News : मितानिन दिवस पर 169 मितानिन और 20 एम.टी. महिलाएं शॉल-श्रीफल से सम्मानित

कार्यक्रम के संयोजक जंयत ठेठवार ने कहा मितानिनें शहर में स्वास्थ्य की रीढ़ हैं

रायगढ़, 23 नवंबर 2026। मितानिन दिवस के अवसर पर स्थानीय भगवान बिरसा मुंडा सामाजिक भवन, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, रायगढ़ में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में शहर भर से पहुंची *169 मितानिनों और 20 एम.टी. (मितानिन ट्रेनर) महिलाओं* को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शाल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक जंयत ठेठवार ने कहा कि मितानिनें शहर में स्वास्थ्य की रीढ़ हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, कुपोषण से लड़ाई और स्वास्थ्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कोरोना काल में भी मितानिनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा की और आज मंच से ‌”जय मितानिन” का उन्होंने एक नारा भी दिया और आपनी बात रखते हुए कहा कि अगर मितानिन है तो हमारा वार्ड क्षेत्र है।

सम्मानित मितानिनों ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान हमारा हौसला बढ़ाता है। हम आगे भी पूरी निष्ठा से अपने शहर की स्वास्थ्य सेवा में लगे रहेंगे। कार्यक्रम में मितानिनों ने मितानिन भवन हेतु शासकीय भूमि आबंटन की मांग भी रखी, ताकि बैठक, प्रशिक्षण और दवा भंडारण के लिए स्थायी भवन मिल सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मितानिन, एम.टी. एवं गणमान्य नागरिक अजय प्रताप सिंह, मुरारी भट्ट, दयाराम ध्रुवे, प्रभात साहू ,संजय चौहान, विनोद महेश ,विमल यादव, आरिफ हुसैन, रितेश वैघ, मीनू गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद संजय देवांगन ने किया एवं आभार प्रदर्शन पार्षद लक्ष्मी साहू ने किया।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button