ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन*

*ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन*
*भटगांव* – जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निर्देशानुसार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटगांव में 17 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक विकासखंड स्तरीय ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र विषय पर व्याख्याताओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विकासखंड बिलाईगढ़ के व्याख्याताओं को ब्लूप्रिंट के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी प्रश्नपत्र निर्माण की तकनीकी जानकारी प्रदान करना है। इसके लिए राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा विभिन्न विषयों के व्याख्याताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में प्रश्नपत्र निर्माण की बारीकियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसमें सरल, कठिन एवं विश्लेषणात्मक प्रश्नों का निर्माण, प्रश्नों का उचित अंक निर्धारण तथा ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्नपत्र की संरचना तैयार करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। साथ ही शिक्षकों को यह भी बताया जा रहा है कि ब्लूप्रिंट के आधार पर विद्यार्थियों को किस प्रकार विषयवस्तु की तैयारी कराई जाए, जिससे उनमें विषय की बेहतर समझ विकसित हो और वे परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों की ब्लूप्रिंट संबंधी समझ को और अधिक सहज एवं प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि वे विद्यार्थियों को सरल तरीके से इसकी जानकारी दे सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों का प्री-टेस्ट एवं पोस्ट-टेस्ट भी आयोजित किया गया है, जिससे प्रशिक्षण से पूर्व एवं प्रशिक्षण के बाद उनके ज्ञान और समझ का आकलन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि एससीईआरटी से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विकासखंड स्तर पर व्याख्याताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि जिला स्तर से प्राप्त ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र निर्माण की जानकारी प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचे और विद्यालय के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो सके। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाना तथा परीक्षा परिणामों में अपेक्षित सुधार लाना है।
बीईओ ने विश्वास व्यक्त किया कि ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र निर्माण का यह प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध होगा। इससे न केवल प्रश्नपत्र निर्माण की गुणवत्ता में सुधार आएगा, बल्कि विद्यार्थियों के सीखने और मूल्यांकन की प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनेगी।
प्रशिक्षण को सफल बनाने में प्रशिक्षण सहयोगी शिक्षक संजीव राजेत्री तथा मास्टर ट्रेनर व्याख्याता जैन कुमार चौधरी, लोकेश्वर प्रसाद साहू, दुर्गेश कुमार साहू, श्रीराम साहू, बृजमोहन कटारे, जय प्रकाश कुर्रे,गौरी शंकर कर्स, विजय साहू एवं विजय कुमार खरे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाएं उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में सहभागिता कर रहे हैं।
