CG NewsRaigarh Newsरायगढ़रायपुर

Raigarh News : देश का पहला डिजिटल जनजातीय संग्रहालय ; शौर्य, बलिदान और अस्मिता की गौरवगाथा का जीवंत प्रतीक – ओपी चौधरी

नवा रायपुर में जनजातीय विरासत को मिला डिजिटल स्वरूप

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ की धरती, जो सदियों से जनजातीय शौर्य, बलिदान, कला और संस्कृति की वाहक रही है, अब उसी विरासत को डिजिटल युग के अनुरूप नए स्वरूप में प्रस्तुत कर रही है। नवा रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय की स्थापना के साथ जनजातीय विरासत के संरक्षण और प्रसार के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। यह संग्रहालय केवल दीवारों और कलाकृतियों तक सीमित नहीं है। यह एक जीवंत अनुभव है, जहां दर्शक जनजातीय नायकों के संघर्ष, उनके अदम्य साहस और मातृभूमि के लिए दिए गए बलिदान को आंखों के सामने महसूस कर सकते हैं।

डिजिटल तकनीक, आधुनिक दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति और सजीव चित्रण के माध्यम से इतिहास को इस तरह प्रस्तुत किया गया है कि नई पीढ़ी उसे केवल पढ़े नहीं, बल्कि जी सके। जनजातीय नायकों के अदम्य साहस और बलिदान का जीवंत चित्रण के साथ डिजिटल संग्रहालय बनाया जाएगा। इसमें शामिल जनजातीय नायकों की गाथा सबसे सशक्त पक्ष है। यहां उन वीरों की कहानियां डिजिटल रूप में संरक्षित की गई हैं, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उनके संघर्ष, उनकी रणनीति, उनका नेतृत्व और उनका बलिदान अब आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह प्रस्तुति बच्चों और युवाओं में यह भाव जगाएगी कि स्वतंत्रता और स्वाभिमान की लड़ाई में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। कला, संस्कृति और परंपराओं का आधुनिक डिजिटल संरक्षण देने का प्रयास है ।

छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला, लोकनृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, आभूषण, वस्त्र, चित्रकला, शिल्प और दैनिक जीवन की परंपराएं इस संग्रहालय में डिजिटल रूप में संरक्षित की गई हैं। पारंपरिक जीवन-शैली के दृश्य, कृषि और पशुपालन से जुड़े प्रसंग, तथा सामाजिक जीवन की झलकियां दर्शकों को जनजातीय समाज की समृद्ध और आत्मनिर्भर जीवन-दृष्टि से परिचित कराती हैं। डिजिटल संरक्षण से यह विरासत न केवल सुरक्षित रहेगी, बल्कि देश-दुनिया तक आसानी से पहुंचेगी।

नई पीढ़ी को विरासत और गौरव से जोड़ने की पहल का उद्देश्य केवल अतीत को दिखाना नहीं, बल्कि भविष्य को दिशा देना है। विद्यार्थी, शोधार्थी, पर्यटक और युवा यहां आकर अपनी जड़ों को समझ सकेंगे। डिजिटल माध्यम से सीखना आज की पीढ़ी के लिए अधिक रोचक और है। यही कारण है कि इस संग्रहालय को शिक्षा, शोध और पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

 

इस संबंध में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा जनजातीय समाज हमारी अस्मिता की जड़ है, हमारी संस्कृति की आत्मा है। नवा रायपुर का यह डिजिटल जनजातीय संग्रहालय केवल एक संग्रहालय नहीं, बल्कि हमारे नायकों के शौर्य और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है। आने वाली पीढ़ी यह भली भांति समझ सके कि उसके पूर्वजों ने कितने साहस से अपनी माटी और अपने स्वाभिमान की रक्षा की।

डिजिटल तकनीक के माध्यम से यह विरासत अब केवल किताबों में नहीं, बल्कि अनुभव में जीवित रहेगी। छत्तीसगढ़ की यह पहल पूरे देश के लिए एक उदाहरण बनेगी कि परंपरा और तकनीक जब साथ चलते हैं, तो विरासत और भी सशक्त हो जाती है।
नवा रायपुर का डिजिटल जनजातीय संग्रहालय छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान दे रहा है। यह स्थान आने वाले समय में जनजातीय गौरव, शोध, शिक्षा और सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button