Raigarh News

सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण दो दिनों में लगभग 20 होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रतिष्ठानों की जांच; अनियमितता मिलने पर सुधार सूचना और लाइसेंस-पंजीयन निलंबन की कार्रवाई

 

“सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

दो दिनों में लगभग 20 होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रतिष्ठानों की जांच; अनियमितता मिलने पर सुधार सूचना और लाइसेंस-पंजीयन निलंबन की कार्रवाई

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 नवंबर 2026। आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में 16 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन अभियान की निगरानी कर रहा है। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

अभियान के पहले दो दिनों, 16 और 17 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 20 होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, खाद्य सामग्री बनाने और परोसने की व्यवस्था तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की। खाद्य पदार्थों में प्रयुक्त रंगों के उपयोग और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक वैध लाइसेंस एवं पंजीयन की भी पड़ताल की गई।

निरीक्षण के दौरान जहां स्वच्छता अथवा खाद्य सुरक्षा से संबंधित कमियां पाई गईं, वहां संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को अधिनियम के प्रावधानों के तहत सुधार सूचना जारी की जा रही है। कमियों को निर्धारित समय-सीमा में दूर करने और स्वच्छता एवं हाईजीन के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों के उल्लंघन के मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन के निलंबन की कार्रवाई भी नियमानुसार की जा रही है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन के कारोबार करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित मानकों का पालन करने और नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button