Raigarh News

लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा स्वच्छता एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन

लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा स्वच्छता एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन

सारंगढ़ । महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पंजाब केसरी के नाम से प्रसिद्ध लाला लाजपत राय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध आदर्श ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, छिन्द की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लाला लाजपत राय जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा श्रमदान के माध्यम से समाज में स्वच्छता, सेवा और जन-जागरूकता का महत्व बताया।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष श्री तुलाराम साहू जी, विद्यालय के संचालक श्री कमलेश साहू सर जी, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ज्योति साहू मैम जी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री गोपाल प्रसाद साहू जी तथा गाँव के गणमान्य नागरिको की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने लाला लाजपत राय जी के देशप्रेम, साहस, त्याग एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य भी युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा, स्वच्छता एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button