शिक्षा में नवाचार: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की पहल पर अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी सीखेंगे निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)

* शिक्षा में नवाचार: कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की पहल पर अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी सीखेंगे निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
============================
सारंगढ़ = आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का है। भविष्य के रोजगार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें नई तकनीकों में दक्ष बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसी दूरदर्शी सोच के साथ जिला प्रशासन ने शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के स्कूली बच्चों को निःशुल्क रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान करने की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक तकनीक से रूबरू कराना हमारी प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चे भी तकनीक के क्षेत्र में पीछे न रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूलों में डिजिटल लैब की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने और बच्चों की आयु व कक्षा के अनुरूप सरल पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा AI की उपयोगिता:
वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल कंप्यूटर विज्ञान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह चिकित्सा, कृषि, शिक्षा और प्रशासनिक कार्यों का अभिन्न अंग बन चुका है। स्कूली स्तर पर AI की समझ विकसित होने से बच्चों में तार्किक सोच (Logical Thinking), समस्या समाधान (Problem Solving) और रचनात्मकता का विकास होगा। यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था और नए करियर विकल्पों के लिए अभी से तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक में शिक्षा विभाग से जिला शिक्षा अधिकारी एल एन पटेल विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और विभिन्न योजनाओं के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
