Raigarh News

गायत्री परिवार सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण का संदेश देता है — संजय भूषण पाण्डेय

गायत्री परिवार सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण का संदेश देता है — संजय भूषण पाण्डेय

सारंगढ़ में गायत्री महायज्ञ के भूमि पूजन समारोह में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल

सारंगढ़। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित होने वाले गायत्री महायज्ञ के भूमि पूजन समारोह में श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच अनेक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गायत्री परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद श्री राधेश्याम राठिया, गायत्री परिवार की प्रमुख देवी वर्मा दीदी, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ श्री संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक श्री जवाहर नायक, पूर्व विधायक सुश्री कामता जोल्हे, विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े सहित जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने अपने उद्बोधन की शुरुआत पवित्र गायत्री मंत्र “ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं…” के उच्चारण से की।

उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार केवल एक धार्मिक संगठन नहीं, बल्कि विशाल आध्यात्मिक एवं सामाजिक परिवार है, जिसके अनुयायी देश-विदेश में बड़ी संख्या में हैं। इसकी व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके अनुयायियों की संख्या कई छोटे देशों की जनसंख्या के तुलनीय हो सकती है।

श्री पाण्डेय ने कहा कि गायत्री परिवार की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और मानव समानता का संदेश है। यहाँ नर और नारी को समान सम्मान देने तथा जाति-पाँति के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा दी जाती है।

उन्होंने गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों की तुलना छत्तीसगढ़ के महान संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास बाबा के मानव समानता के संदेश से करते हुए कहा कि “गुरु घासीदास बाबा ने ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश दिया। इसी प्रकार गायत्री परिवार भी जाति, वर्ग और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों के प्रति समानता, सद्भाव और सम्मान की भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है।”

श्री पाण्डेय ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के संदेशों में मानवता, सदाचार, सामाजिक सुधार और समानता की भावना का महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे विचार ही समाज को एकजुट करते हैं और राष्ट्र को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं।

अंत में उन्होंने गायत्री परिवार के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति को महायज्ञ के भूमि पूजन की शुभकामनाएँ देते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button