Raigarh News

**पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर जिला प्रेस क्लब नाराज, भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से लिखित माफीनामे की मांग** **माफीनामा नहीं मिलने तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे प्रेस क्लब के सदस्य, भाजपा संगठन से पत्र के माध्यम से रखी शर्त

**पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर जिला प्रेस क्लब नाराज, भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से लिखित माफीनामे की मांग**
**माफीनामा नहीं मिलने तक विद्यावती सिदार की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे प्रेस क्लब के सदस्य, भाजपा संगठन से पत्र के माध्यम से रखी शर्त
सारंगढ़। भाजपा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 9 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार जब पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे, तभी मोबाइल फोन बंद कराने और छीनने की कोशिश किए जाने का आरोप सामने आया है। पत्रकारों का आरोप है कि भाजपा जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार के कहने पर कुछ लोग पत्रकारों के मोबाइल बंद कराने और छीनने की कोशिश में जुट गए।
इस घटना को लेकर जिला प्रेस क्लब ने कड़ी नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब ने भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल के साथ ही प्रदेश स्तर पर प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जिला भाजपा सह प्रभारी विद्यावती सिदार से पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के समक्ष लिखित माफीनामा प्रस्तुत कराने की मांग की है।
प्रेस क्लब का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में पत्रकार अपने पेशेगत दायित्वों का निर्वहन करते हुए घटनाक्रम की कवरेज कर रहे थे। ऐसे में उनके साथ किया गया कथित व्यवहार पत्रकारिता की स्वतंत्रता और गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है। क्लब की बैठक में इस घटना की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया है कि जब तक विद्यावती सिदार द्वारा लिखित माफीनामा प्रस्तुत नहीं किया जाता, तब तक प्रेस क्लब के सदस्य उनकी उपस्थिति वाले जिले के राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों का बहिष्कार करेंगे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा एवं भाजपा संगठन मंत्री को भी भेजी गई है। प्रेस क्लब ने भाजपा संगठन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित संगठनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि पत्रकारों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के इस मामले में भाजपा संगठन क्या रुख अपनाता है और प्रेस क्लब की मांग पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button