धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में पुलिस का पहरा, सशस्त्र जवान कर रहे पेट्रोलिंग

रायगढ़। धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। चोरी, जेबकटमारी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में सशस्त्र जवानों की नियमित पेट्रोलिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित सशस्त्र पेट्रोलिंग तथा विजुअल पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सीएसपी रायगढ़ राहुल उईके, डीएसपी अजय नागवंशी और टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों में पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन शाम को पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। रक्षित केंद्र के सशस्त्र जवानों और विभिन्न थानों की पुलिस टीमें बाजारों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।
पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादी वर्दी में भी जवानों को तैनात किया है। विशेष रूप से सराफा दुकानों, मोबाइल शोरूम और कीमती सामानों के अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
जिला मुख्यालय के अलावा तहसील क्षेत्रों में भी संबंधित थाना प्रभारी अपने जवानों के साथ बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान खरीदारी करते समय सतर्क रहें और अपने सामान तथा कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
किसी आपात स्थिति या घटना-दुर्घटना की सूचना के लिए डायल 112 अथवा पुलिस के इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
