Raigarh News

बारूद से जंगली सुअर का शिकार, घर में मांस पकाते एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार करने का मामला सामने आया है। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने शुक्रवार सुबह ग्राम कुकड़ीचोली में एक युवक को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने 8 से 10 अन्य लोगों के साथ मिलकर जंगल में शिकार करने की बात स्वीकार की है। वन विभाग ने पका हुआ मांस जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। सूचना में बताया गया कि ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर में शिकार किए गए जंगली सुअर का मांस पका रहा है।

सूचना मिलते ही उड़नदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विजय राठिया के घर की जांच की, जहां वह मांस पकाते हुए मिला। वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद घर से पका हुआ मांस जब्त किया गया और आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया रेंज कार्यालय लाया गया।

पूछताछ के दौरान विजय राठिया ने बताया कि उसने करीब 8 से 10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले का इस्तेमाल कर जंगली सुअर का शिकार किया था। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली जानवर के शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन जांच के दौरान शिकार से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

वन विभाग की टीम ने आरोपी विजय राठिया के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत अपराध दर्ज किया है। विभाग ने मामले में पीओआर (POR) दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, शिकार में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button