Raigarh News

ठंड बढ़ते ही रायगढ़ में अजगरों का रेस्क्यू तेज, एक साथ 7 सांप जंगल में छोड़े

रायगढ़। ठंड की शुरुआत के साथ ही जिले में अजगरों की मौजूदगी रिहायशी इलाकों में बढ़ने लगी है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में घरों और कॉलोनियों तक पहुंच रहे अजगरों का सर्प रक्षक समिति की टीम लगातार रेस्क्यू कर रही है। इसी कड़ी में विभिन्न स्थानों से रेस्क्यू किए गए सात अजगरों को सुरक्षित तरीके से उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा गया।

सर्प रक्षक समिति के अध्यक्ष विनीतेश तिवारी ने बताया कि ठंड के मौसम में अजगर, रसेल वाइपर और बैंडेड रेसर प्रजाति के सांपों की सक्रियता बढ़ जाती है। भोजन की तलाश में ये सांप अक्सर चूहों का पीछा करते हुए रिहायशी इलाकों और घरों तक पहुंच जाते हैं। इन दिनों शहर में लगातार अजगरों के रेस्क्यू के मामले सामने आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में शहर के अलग-अलग स्थानों से सात अजगरों को रेस्क्यू किया गया। इनमें कृष्ण कुंज भगवानपुर से एक, जिला जेल परिसर से एक, श्रीकुंज कृषि विद्यालय रोड से दो, ग्रीन सिटी कॉलोनी से एक, इंदिरा नगर स्थित केटीएम शोरूम के पास से एक और टीवी टावर रोड स्थित साईं मंगलम कॉलोनी से एक अजगर शामिल था। सभी सातों अजगरों को सुरक्षित तरीके से शहर से बाहर उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।

विनीतेश तिवारी के अनुसार, सर्प रक्षक समिति के सक्रिय सदस्य सुमित बेहरा, पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विक्की चौहान, किशन धर्मा, रवि मिरी और जय नारायण खर्रा लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। टीम के सदस्य शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से जहरीले और बिना जहर वाले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button