Raigarh News

विज्ञान क्विज में तमनार और रायगढ़ विकासखंड अव्वल, 14 नवंबर को करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

रायगढ़। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री शासकीय नटवर विद्यालय, रायगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों की टीमों ने हिस्सा लिया। एलिमेंट्री स्तर पर तमनार विकासखंड और हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों स्तरों के विजेता विद्यार्थी आगामी 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा में आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. साहू और जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से एलिमेंट्री एवं सेकेंडरी स्तर की दो-दो टीमों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विज्ञान और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के एलिमेंट्री स्तर में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें तमनार विकासखंड ने 125 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। खरसिया विकासखंड 100 अंकों के साथ दूसरे और पुसौर विकासखंड 90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड की टीम 65 अंक प्राप्त कर प्रथम रही। धर्मजयगढ़ विकासखंड ने 50 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि लैलूंगा और घरघोड़ा विकासखंड 45-45 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

अब विजेता विद्यार्थियों को 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा में होने वाली प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए नियमित अभ्यास, विषयवार प्रश्नोत्तरी और मॉक क्विज के माध्यम से उनकी तैयारी कराई जाएगी, ताकि वे आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना रहा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, प्राचार्यों, शिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान रहा।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button