चक्रवात से धान की फसल को नुकसान, किसानों को 72 घंटे में बीमा कंपनी को देनी होगी सूचना

रायगढ़। चक्रवात अर्नब के कारण जिले में धान की फसल को हुए नुकसान के बाद कृषि विभाग और बीमा कंपनी के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ग्राम धनागर और बनसिया पहुंची और खेतों में फसल क्षति का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित किसानों से चर्चा कर उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से फसल को नुकसान होने पर किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को सूचना देना अनिवार्य है। सूचना देते समय फसल नुकसान की मात्रा और उसके कारण की जानकारी भी देनी होगी।
किसान बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344, हेल्पलाइन नंबर 14447 या पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों और संबंधित बैंक को भी नुकसान की सूचना दी जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए फैलाकर रखी गई या बंडलों में रखी गई अधिसूचित फसल को भी चक्रवात अथवा बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। इसका लाभ पात्र बीमित किसानों को मिल सकेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी 48 घंटे के भीतर क्षति निर्धारकों की प्रक्रिया पूरी करेगी। इसके बाद 10 दिनों के भीतर नुकसान का आकलन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के 15 दिनों के भीतर नियमानुसार क्षतिपूर्ति की राशि किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
प्रभारी उप संचालक कृषि हरीश राठौर ने बीमा कंपनी के जिला समन्वयक को निर्देश दिए कि किसानों से प्राप्त फसल क्षति की सूचनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। निर्धारित समय-सीमा में सर्वे और नुकसान का आकलन पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर क्षतिपूर्ति मिल सके। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को अवश्य दें।
