Raigarh News

जंगल में दंतैल हाथी का हमला, शौच के लिए गई 45 वर्षीय महिला घायल

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथी के हमले से एक महिला घायल हो गई। घटना बाकारूमा रेंज के जगड़ा गांव की है, जहां सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गई महिला का सामना विचरण कर रहे दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने सूंड से हमला कर महिला को घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए पत्थलगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, जगड़ा गांव निवासी रसमोती उरांव (45), पति संतोष उरांव, सुबह शौच के लिए जंगल की तरफ गई थीं। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक दंतैल हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने महिला पर सूंड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हाथी को भगाया। इसके बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला के घायल होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से महिला के परिजनों को सहायता राशि दी गई है। वन विभाग की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि बाकारूमा रेंज में फिलहाल एक नर हाथी जंगल में विचरण कर रहा है। वहीं, पूरे धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 93 हाथियों की मौजूदगी बताई गई है। ये हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। इनमें 31 नर, 43 मादा और 19 शावक शामिल हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button