चंद्रहासिनी मंदिर में अदाणी फाउंडेशन का स्वास्थ्य शिविर, नौ दिनों में 687 श्रद्धालुओं को मिला उपचार

रायगढ़/चंद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर परिसर में अदाणी फाउंडेशन की ओर से नौ दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। 11 से 19 अक्टूबर तक चले इस शिविर में कुल 687 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा दी गई। इनमें 504 पुरुष और 183 महिलाएं शामिल थीं। यह आयोजन अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक सरोकार इकाई अदाणी फाउंडेशन ने किया।
शिविर का शुभारंभ तहसीलदार डभरा आशीष पटेल, नगर पंचायत चंद्रपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन, मंडल अध्यक्ष तिलेस माली, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन विश्वकर्मा, जिला समन्वयक दिनेश नायक, एल्डरमैन गौरी शंकर गुप्ता और गिरजा यादव सहित मंदिर न्यास के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। डॉ. उरांव के मार्गदर्शन में मेडिकल टीम ने श्रद्धालुओं को सेवाएं प्रदान कीं। आयोजकों के अनुसार, मेले के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में लंबी दूरी तय कर पहुंचे 187 मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। सर्दी, खांसी और मौसमी बुखार से पीड़ित 136 मरीजों का उपचार किया गया। यात्रा और उपवास के कारण थकान महसूस करने वाले 130 श्रद्धालुओं को मेडिकल सहायता मिली। इसके अलावा 106 मरीजों की बीपी, शुगर जांच और घाव की ड्रेसिंग की गई। त्वचा संबंधी समस्याओं के 62 और गैस्ट्रो संबंधी परेशानी वाले 44 मरीजों का भी उपचार किया गया।
महानदी, मांड और लात नदियों के संगम पर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शिविर का लाभ चंद्रपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए दर्शनार्थियों को भी मिला।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का आयोजन श्री गोपाल जी महाप्रभु एवं चंद्रहासिनी देवी मंदिर सार्वजनिक न्यास के समन्वय और स्वर्गीय मुकुटधर पाण्डेय स्मृति मेमोरियल सर्विस फाउंडेशन, चंद्रपुर के संचालन सहयोग से किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने इसे नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए उपयोगी पहल बताया। मंदिर न्यास के ट्रस्टी सुजीत पाण्डेय ने कहा कि जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर निःशुल्क उपचार और दवाइयां मिलने से उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक बनी।
