Raigarh News

विश्व विजय सिंह तोमर बोले- विकसित भारत की उड़ान युवा शक्ति के बिना अधूरी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के संयुक्त तत्वावधान में रायगढ़ में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा सहित भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के संकल्प और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।

युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के विकास की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेनी होगी, तभी विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी, स्टार्टअप संचालक और नवाचार करने वाले बनें।

तोमर ने अंतरिक्ष अनुसंधान, डिजिटल भुगतान, खेल और स्टार्टअप के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान मिशन, यूपीआई भुगतान प्रणाली, ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और यूनिकॉर्न स्टार्टअप भारतीय युवाओं की क्षमता को दर्शाते हैं। उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ के युवा भी देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि युवा उड़ान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को विकास की सोच से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा, खेल, लाइब्रेरी और नालंदा परिसर जैसे क्षेत्रों में हो रहे कार्य युवाओं के विकास से जुड़े हैं। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरी के साथ कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित को भी लक्ष्य बनाने की अपील की।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा ने युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल तथा उद्यमिता में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने नशामुक्त, कौशलयुक्त और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित युवा शक्ति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं से संवाद के लिए कॉलेजों और वार्डों में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित करेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। इस दौरान विनायक पटनायक, पावन अग्रवाल, त्रिलोचन राठिया, उमाशंकर शर्मा, दिवेश सोलंकी, शशांक पांडे, हेमलता चौहान सहित भाजपा से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button