Raigarh News

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर खरसिया कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, लोकतंत्र की गरिमा और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए पैदल मार्च निकाला। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम खरसिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की गई।

गुरुवार को खरसिया के मदनपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च शुरू हुआ। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और विभिन्न नारों की तख्तियां लेकर कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “चुनाव बचाओ, देश बचाओ”, “वोट चोर गद्दी छोड़” और “लोकतंत्र से खिलवाड़ करना बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान “उमेश पटेल जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारे भी सुनाई दिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले लोकसभा और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। पार्टी ने विशेष रूप से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा कराने तथा मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी दोहराई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है। उनके मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का पारदर्शी समाधान होना जरूरी है, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास कायम रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button