कोलता समाज का नुआखाई भेंटघाट, सीएम विष्णुदेव साय और मंत्री ओपी चौधरी ने की भवन निर्माण के लिए घोषणाएं

रायगढ़ में कोलता समाज संभाग की ओर से आयोजित नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में हजारों लोग शामिल हुए। शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चंडी डोंगरी कोतरलिया में कोलता समाज के सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपए और नगर पंचायत पुसौर में मंगल भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ग्राम बेलेरिया में सदगुरु समाज भवन के लिए 25 लाख रुपए तथा हमीरपुर बॉर्डर में कोलता समाज भवन की बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर समाज के लोगों ने करतल ध्वनि, शंखनाद और महिलाओं की पारंपरिक देवनाद हुलहुली से उनका स्वागत किया। समाज के आठों अंचलों के पदाधिकारियों ने गुलाब के फूल और स्थानीय कृषि उत्पादों की टोकरियां भेंट कीं। पूर्वांचल रायगढ़ की ओर से परवल और सरिया अंचल की ओर से धान की बालियों से सजा गुलदस्ता भेंट किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने समाज की अधिष्ठात्री देवी रणेश्वरी माता रामचंडी की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाज के लोगों को नुआखाई जुहार दिया और उनके साथ बैठकर नुआखाई भोजन किया। कार्यक्रम में एक सौ से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों सहित प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आईएफएस एवं आईएएस परीक्षा में चयनित अजय गुप्ता, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार प्राप्त अनीता नायक और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित शेष चरण गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों ने सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और विकास की मुख्यधारा से जुड़े रहने की अपील की। शिक्षण समिति के शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक मुरलीधर प्रधान और उनकी टीम ने प्रतिभावान विद्यार्थियों की सूची तैयार करने तथा उन्हें समारोह में शामिल कराने में योगदान दिया। व्यापारिक, किसान, शिक्षा और राजनीति प्रकोष्ठों ने भी आयोजन में भूमिका निभाई।
आयोजकों के अनुसार, समारोह में आठ हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। रायगढ़ और सारंगढ़ जिलों के आठों अंचलों, 41 शाखा सभाओं के पदाधिकारियों, ग्राम प्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समाज ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और समाचार संकलन करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
