CG NewsRaigarh Newsरायगढ़

Raigarh News : किंडर वैली प्ले स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि उत्सव

मां दुर्गा के स्वरूप में सजी बालिका रही आकर्षण का केंद्र,
पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने किया गरबा-डांडिया

रायगढ़। किंडर वैली प्ले स्कूल में नवरात्रि का पावन पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। प्ले ग्रुप, नर्सरी और प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थी रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में स्कूल पहुंचे। बालिकाएं लाल-सफेद साड़ियों में और बालक कुर्ता-धोती में नजर आए, वहीं कुछ बच्चे आकर्षक डांडिया परिधानों में सजे दिखाई दिए। इस दौरान मां दुर्गा के स्वरूप में मुकुट और त्रिशूल धारण कर पहुंची एक बालिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

फूलों और पारंपरिक सजावट से सजा विद्यालय परिसर

नवरात्रि के अनुरूप विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। गेंदे के फूलों की झालरों, हरे पत्तों और सफेद पंखुड़ियों से सजे परिसर में मां दुर्गा का चित्र और कलश स्थापित किया गया। रंग-बिरंगी झंडियों और फूलों से सजी छतरी ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। सजावटी कमल के माध्यम से मां दुर्गा के शक्ति, साहस, करुणा, भक्ति, ज्ञान और पवित्रता जैसे गुणों को दर्शाया गया, जिनसे बच्चों को परिचित कराया गया।

गरबा और डांडिया की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के महत्व को जाना। भक्ति गीतों, गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने हाथों में डांडिया लेकर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इस दौरान बच्चों को नवरात्रि पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता से भी अवगत कराया गया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

भारतीय संस्कृति से परिचित कराने की पहल

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की डायरेक्टर रीनू, कोऑर्डिनेटर नम्रता चौहान, शिक्षिकाओं और समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना था। कार्यक्रम का समापन बच्चों की खुशियों और उत्साह के बीच हुआ।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button