नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा, पीड़िता को 5 लाख मुआवजे की अनुशंसा

रायगढ़। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में रायगढ़ की विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी मनीष सारथी को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने पीड़िता के पुनर्वास और चिकित्सा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।
प्रकरण पुसौर थाना क्षेत्र का है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जून 2025 में नाबालिग बालिका के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान बालिका के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मनीष सारथी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य अदालत के सामने प्रस्तुत किए। सुनवाई पूरी होने के बाद अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, एफटीएससी (पॉक्सो), रायगढ़ की अदालत ने आरोपी को दोषसिद्ध ठहराया। अदालत ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड से दंडित किया। अन्य धाराओं में दी गई कारावास की सजाएं साथ-साथ भुगतने का आदेश दिया गया है।
अदालत ने पीड़िता के पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायगढ़ को 5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है। इसके साथ ही दोषसिद्ध आरोपी को सजा भुगतने के लिए जेल भेजने का आदेश दिया गया।
