Raigarh News

बिजली विभाग का मास डिस्कनेक्शन अभियान, 2 दिन में 122 कनेक्शन काटे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ बिजली विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया। सिटी डिवीजन में दो दिन तक चले इस अभियान के दौरान 261 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन पर कुल 81 लाख 81 हजार 931 रुपए का बिजली बिल बकाया था। विभाग ने अभियान के दौरान 122 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे, जबकि 125 उपभोक्ताओं से 37 लाख 61 हजार 530 रुपए की वसूली की गई। इसके अलावा चार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किए गए।

बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग ने 10 टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार, लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन काटे गए हैं।

9 अक्टूबर को अभियान के पहले दिन 132 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन पर कुल 47 लाख 70 हजार 732 रुपए बकाया थे। इस दौरान 74 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 44 उपभोक्ताओं से 19 लाख 10 हजार 688 रुपए की वसूली की गई। कार्रवाई के दौरान सर्कल के कनिष्ठ और सहायक अभियंता भी मौजूद रहे।

10 अक्टूबर को अभियान के दूसरे दिन 129 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन पर 34 लाख 11 हजार 199 रुपए का बिजली बिल बकाया था। इस दिन विभाग ने 48 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे और 81 उपभोक्ताओं से 18 लाख 50 हजार 842 रुपए की वसूली की।

दोनों दिनों की कार्रवाई के दौरान चार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण तैयार किए गए। इन प्रकरणों से संबंधित राशि 2 लाख 47 हजार 74 रुपए बताई गई है।

जोन-1 के कार्यपालन अभियंता आरके राव ने बताया कि बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने और कनेक्शन काटने के लिए 10 टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया था। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। बकायादारों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button